Uttarakhand

श्रमिकों को सुरक्षित निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता : बलूनी

गोपेश्वर, 14 अगस्त । गढ़वाल लोकसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने शुक्रवार को चमोली के पीपलकोटी स्थित आपदा प्रभावित टनल में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति और टनल में फंसे श्रमिकों की स्थिति की जानकारी ली। बलूनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब तक सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाल लिया जाता, तब तक राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों तथा आवश्यक तकनीकी एवं मानवीय सहायता का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

टनल में फंसे कई श्रमिकों को पहले ही सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि शेष श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए अभियान युद्धस्तर पर जारी है।

निरीक्षण के बाद बलूनी ने गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचकर टनल से रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों का हालचाल जाना और उनके उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन से घायलों के स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि घायल श्रमिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा, विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखरेख और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए। दवाइयों, जांच, भोजन और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा।

बलूनी ने कहा कि घायल श्रमिकों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों की आवश्यकताओं का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए उन्होंने हादसे में मृत श्रमिकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में वे शोकाकुल परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने भगवान बद्री विशाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

बलूनी ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने तक प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाएगा तथा श्रमिकों की सुरक्षा और उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।