पलवल में छुट्टी पर आए सेना के लांस नायक की सड़क हादसे में मौत
कुशक गांव निवासी सतीश बैंसला के अनुसार उनका चचेरा भाई सुनील भारतीय सेना में पदस्थ था और वर्तमान में उसकी ड्यूटी पंचगांव में लगाई गई थी। वह कुछ दिनों की छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। सोमवार शाम को वह अपनी बुलेट बाइक पर घर से निकला था। देर रात लगभग 10 बजे सूचना मिली कि सुनील को सुरजन का नंगला गांव के समीप किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी है। परिजन मौके पर पहुंचे तो सुनील गंभीर रूप से घायल सड़क पर पड़ा मिला। उसे तुरंत जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची हसनपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में भिजवा दिया। मंगलवार को मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी वाहन चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

