MP

मंडला गॉट टैलेंट का सेमी फाइनल आज, युवाओं को मिलेगा मंच

मंडला, 22 जनवरी । मध्य प्रदेश के मंडला जिले की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्टर सोमेश मिश्रा के प्रयासों से आयोजित “मंडला गॉट टैलेंट” प्रतियोगिता अब सेमी फाइनल चरण में प्रवेश कर चुकी है। प्रतियोगिता का सेमी फाइनल आज गुरुवार को दोपहर 2 बजे से आयोजित किया जाएगा।

कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में जिलेभर से युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कुल 109 प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जिनमें से सभी प्रतिभागियों ने ऑडिशन में भाग लिया। दो दिनों तक चले ऑडिशन के बाद चयन प्रक्रिया पूर्ण की गई, जिसमें कुल 41 प्रतिभागियों का चयन सेमी फाइनल के लिए किया गया है।

चयनित प्रतिभागियों में 26 प्रतिभागी गायन विधा तथा 15 प्रतिभागी नृत्य विधा से हैं। सेमी फाइनल में आज सभी प्रतिभागी अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिससे दर्शकों को एक यादगार और रोमांचक आयोजन देखने को मिलेगा। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले के उभरते कलाकारों को पहचान दिलाना, उन्हें प्रोत्साहित करना और उनके लिए आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

सेमी फाइनल के लिए निर्धारित किए गए नियम

मण्डला गॉट टैलेंट प्रतियोगिता के सेमी फाइनल चरण को लेकर आयोजकों द्वारा प्रतिभागियों के लिए आवश्यक नियम एवं दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जारी नियमों के अनुसार प्रत्येक गायन एवं नृत्य प्रतिभागी को प्रस्तुति के लिए अधिकतम 5 मिनट का समय दिया जाएगा। समय पर उपस्थित न होने की स्थिति में प्रतिभागिता रद्द की जा सकती है। प्रतियोगिता में केवल ऑफलाइन, लाइव प्रदर्शन ही मान्य होगा, ऑनलाइन प्रस्तुति स्वीकार नहीं की जाएगी। जो प्रतिभागी कराओके, बैकग्राउंड ट्रैक का उपयोग करेंगे, उन्हें अपना ट्रैक पहले से अधिकृत व्हाट्सऐप ग्रुप में भेजना अनिवार्य होगा। ट्रैक के साथ प्रतिभागी को अपना नाम, प्रतियोगी कोड तथा गीत का पूरा विवरण देना होगा। केवल डाउनलोड किया हुआ ऑडियो ट्रैक ही मान्य होगा। साथ ही यूट्यूब, गूगल ड्राईव या किसी भी प्रकार के लिंक स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि गीत के बोल किसी भी रूप में उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे। प्रतिभागियों को अपने साथ संगीत वाद्ययंत्र लाने की अनुमति होगी। किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या, ट्रैक रुकने या व्यवस्था संबंधी बाधा की स्थिति में दूसरा अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य रहेगा। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में प्रतिभागी को तत्काल अयोग्य घोषित किया जा सकता है।