Haryana

गुरुग्राम: दक्षिण हरियाणा के नेताओं में मतभेद थे मनभेद नहीं: मोहन लाल बड़ौली

गुरुग्राम, 25 जनवरी । दक्षिण हरियाणा में नेताओं के बीच जुबानी जंग को लेकर रविवार को यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि दक्षिण हरियाणा के नेताओं में मतभेद थे मनभेद नहीं। अब सब कुछ ठीक है। बयानबाजी का दौर भी समाप्त हो चुका है। मोहन लाल बड़ौली रविवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा नेताओं में मतभेद को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी मतभेद अब दूर हो चुकी हैं। सभी नेताओं से बात हो गई है। सभी संतुष्ट हैं और भाजपा के साथ मिलकर खड़े हैं। अब पार्टी एक होकर आगे बढ़ रही है। बयानबाजी अब पुरानी बात हो चुकी है।बता दें कि पिछले कुछ दिनों से केंद्र में मंत्री एवं गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह व हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के बीच जुबानी जंग चल रही थी। एक-दूसरे पर उनकी ओर से छीटाकशी की जा रही थी। सार्वजनिक स्थानों पर जनता के बीच भी वे एक-दूसरे पर निशाने साध रहे थे। ऐसे में उनके कार्यकर्ता भी एक तरह से मुखर हो चले थे। राव इंद्रजीत सिंह व उनकी बेटी स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव द्वारा राव नरबीर सिंह पर दिए गए बयानों पर पलटवार करते हुए राव नरबीर सिंह भी गुरुग्राम से रेवाड़ी तक खुलकर बोले। ऐसे में चर्चाएं होने लगीं कि अनुशासित संगठन होने का दावा करने वाली भाजपा के इन दो वरिष्ठ नेताओं के बीच जुबानी जंग आखिर राजनीति में किस हद तक जाएगी। संगठन में कोई भी नेता दोनों नेताओं के बीच मतभेदों को लेकर कुछ बोलने को तैयार नहीं था। अब रविवार को प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने इस डैमेज को कंट्रोल करने के प्रयासों में कहा कि अब सब कुछ सही है। किसी में कोई नाराजगी नहीं है। पार्टी का फोकस अब विकास के कार्यों, संगठन के विस्तार पर है।