Himachal Pradesh

सरकार ने तीन वर्षों में विकास और कल्याण को दी नई दिशा : रोहित ठाकुर

कुल्लू, 26 जनवरी । 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली।

समारोह में पुलिस, आईटीबीपी, महिला पुलिस टुकड़ी, होम गार्ड्स, 1 एचपी एयर स्क्वाड्रन कुल्लू, 2 एचपी एनसीसी मंडी, एनएसएस कॉलेज कुल्लू, रेंजर कुल्लू, भारत गाइड, स्काउट्स, जूनियर रेड क्रॉस (गर्ल्स स्कूल सुल्तानपुर), एनसीसी गर्ल्स सुल्तानपुर, आपदा मित्र तथा होम गार्ड्स बैंड्स की टुकड़ियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया।

अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने प्रदेशवासियों एवं जिला वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे कर लिए हैं, जो प्रदेश के समग्र विकास और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले दिन से जनसेवा को अपना मूल मंत्र बनाया है और इसी भावना के साथ हिमाचल को आत्मनिर्भर व समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना के तहत पात्र महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अंतर्गत अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ का दर्जा देकर उनकी शिक्षा, आवास और रोजगार की जिम्मेदारी सरकार उठा रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र में 3,000 करोड़ रुपये से पुराने उपकरणों को बदलने का निर्णय लिया गया है।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों, संस्थाओं और सांस्कृतिक दलों द्वारा देशभक्ति नृत्य, गीत, नाटिका, नाटी एवं ड्रोन शो सहित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।