Haryana

कैंसर व एनीमिया का खात्मा सरकार की प्राथमिकता:आरती राव

चंडीगढ़, 30 जनवरी । हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि आगामी समय में राज्य सरकार का मुख्य फ़ोकस प्रदेश से एनीमिया और कैंसर को समाप्त करने पर रहेगा। कैंसर की जांच करने से संबंधित टेस्ट की संख्या बढ़ाई जाएंगी।

स्वास्थ्य मंत्री शुक्रवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बात कर रही थी। आरती सिंह राव ने कैंसर के मरीजों की बढ़ती संख्या के प्रति चिंता जाहिर करते हुए कहा कि कैंसर रोगियों और एक सहायक को कैंसर-उपचार के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा प्रदान की जा रही है। स्टेज-3 और स्टेज-4 के कैंसर रोगियों को 3,000 प्रति माह की वित्तीय सहायता दी जा रही है।

आरती सिंह राव ने बताया कि डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए 746 मेडिकल ऑफिसर्स और 845 आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर्स को नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 346 मेडिकल ऑफिसर्स और 154 विशेषज्ञ भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पांच जिलों में एमआरआई स्कैन की सुविधा उपलब्ध है, जबकि पानीपत और कुरुक्षेत्र के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर हो चुके हैं और शेष 9 जिलों के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं।

एक अन्य सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सभी जिला अस्पतालों में अलग और अत्याधुनिक मदर एंड चाइल्ड हेल्थ विंग स्थापित किए जा रहे हैं। पंचकूला में इस विंग का निर्माण पूरा हो चुका है, पानीपत में कार्य अंतिम चरण में है, जबकि फरीदाबाद और सोनीपत में निर्माण कार्य सितंबर 2025 से शुरू किया गया है। पलवल, सिरसा और कैथल के लिए 20 करोड़ प्रति इस विंग की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की जा चुकी है।