UP

शतरंज प्रेमियों के लिए बड़ी खबर: चाल, चुनौती और चैंपियन बनने का मौका दे रहा चेस मास्टर्स 2.0

मीरजापुर, 03 फ़रवरी । शतरंज के दीवानों के लिए फरवरी का महीना खास साबित होने वाला है। शतरंज के मैदान में अपनी क्षमता साबित करने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए बड़ी खबर है। मीरजापुर चैंपियंस क्लब की ओर से चेस मास्टर्स 2.0 बैटल ऑफ माइंड्स नामक राज्य स्तर का रैपिड शतरंज टूर्नामेंट 8 फरवरी को सुबह 9 बजे से लोहिया तालाब में आयोजित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता शतरंज प्रतिभाओं के लिए एक बड़ा मंच साबित होगी, जिसमें खिलाड़ी भाग लेकर अपनी रणनीति और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

इस टूर्नामेंट में ओपन कैटेगरी के साथ अंडर-11, अंडर-17 और अंडर-5 जैसी विशेष आयु वर्ग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। अंडर-5 कैटेगरी में कोई प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया है। जबकि अन्य प्रतिभागियों के लिए 2,500 रुपये की प्रवेश शुल्क तय है। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे और पूरे टूर्नामेंट में कुल पुरस्कार राशि 25 हजार रुपये तक होगी।

टूर्नामेंट का स्वरूप स्विस लीग सिस्टम पर आधारित होगा, जिसमें 6 से 7 राउंड्स होंगे। प्रत्येक मैच का समय नियंत्रण 10 मिनट प्लस 5 सेकंड इंक्रीमेंट के साथ रखा गया है। टूर्नामेंट में फाइड शतरंज नियम लागू होंगे और टच एंड मूव नियम का पालन अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता के दौरान मोबाइल फोन की सख्त मनाही रहेगी और अर्बिटर का निर्णय अंतिम माना जाएगा।

प्रतिभागियों को 9 बजे तक स्थल पर रिपोर्ट करना अनिवार्य है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2026 है और सीटें सीमित हैं, इसलिए पहले पंजीकरण करने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। पंजीकरण के लिए प्रतिभागियों को अपना नाम, आयु, मोबाइल नंबर और शतरंज आईडी (यदि हो) दर्ज करानी होगी।

टूर्नामेंट डायरेक्टर शुभम मिश्र ने बताया कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अनुभव देने के साथ ही नई प्रतिभाओं को उभरने का अवसर प्रदान करेगी। आयोजकों की कोशिश है कि यह प्रतियोगिता न केवल खेल कौशल बढ़ाने का माध्यम बने, बल्कि खिलाड़ियों में रणनीतिक सोच और मानसिक दृढ़ता को भी प्रोत्साहित करे। इस टूर्नामेंट का स्लोगन है- थिंक स्मार्ट, प्ले बोल्ड, बिकम ए चेस मास्टर।