सराज त्रासदी की याद में छलके जयराम ठाकुर के आंसू
मंडी, 06 फ़रवरी । पूर्व मुख्यमंत्री एवं सराज के विधायक जयराम ठाकुर मंडी स्थित संस्कृत सदन में सराज छात्र कल्याण संघ के वार्षिक कार्यक्रम आद्यंत में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे, तो वहां का माहौल अत्यंत भावुक हो गया। आयोजकों द्वारा किए गए भव्य स्वागत के बाद जब ठाकुर मंच से छात्र-छात्राओं को संबोधित करने खड़े हुए तो 29 जून 2025 की उस भीषण प्राकृतिक त्रासदी का जिक्र करते हुए उनकी आंखें भर आईं और गला रुंध गया।
उन्होंने भारी मन से कहा, कि सराज के इतिहास में वह एक ऐसी काली रात थी जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उस त्रासदी ने एक ही रात में 33 मासूम जिंदगियां छीन लीं और 22 लोग आज भी लापता हैं, जिनका कोई सुराग नहीं मिल सका। सराज की जनता के प्रति अपना दर्द साझा करते हुए उन्होंने युवाओं से मार्मिक अपील की और विश्वास दिलाया कि जिस सराज को उन्होंने अपने शासनकाल में विकास के शिखर पर पहुँचाया था, उसे इस आपदा के जख्मों से उबारकर वे पुनः विकास के क्षितिज पर ले जाएंगे।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि युवा पीढ़ी के सहयोग और अपनी संस्कृति व संस्कारों की शक्ति से हम मिलकर सराज को फिर से एक आदर्श क्षेत्र बनाएंगे।

