Uttarakhand

धर्म-शास्त्र के अग्रणी विद्वान थे ब्रह्मलीन स्वामी श्यामसुंदरदास शास्त्री: श्रीमहंत रविंद्रपुरी

हरिद्वार, 12 अगस्त । रेलवे रोड स्थित श्री गरीबदासीय सेवाश्रम ट्रस्ट के ब्रह्मलीन परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी श्यामसुंदरदास शास्त्री महाराज की सातवीं पुण्य तिथि पर सभी 13 अखाड़ों के संत-महापुरुषों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

महामंडलेश्वर स्वामी परमात्म देव की अध्यक्षता में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि त्याग, तपस्या और सेवा की प्रतिमूर्ति ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी श्यामसुंदरदास शास्त्री महाराज सनातन धर्म एवं शास्त्र परंपरा के अग्रणी विद्वान थे। उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। महामंडलेश्वर स्वामी अनंतानंद और महामंडलेश्वर स्वामी रामनुज सरस्वती ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी श्यामसुंदरदास शास्त्री महाराज संत समाज के प्रेरणास्रोत और दिव्य आत्मा थे। सनातन धर्म-संस्कृति के संरक्षण और संवर्द्धन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

केबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि स्वामी हरिहरानंद, स्वामी रविदेव शास्त्री और स्वामी दिनेश दास जिस प्रकार अपने ब्रह्मलीन गुरुदेव की सेवा परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं, वह सभी के लिए अनुकरणीय है। महामंडलेश्वर स्वामी परमात्मदेव ने उन्हें उदारवादी और सहृदय संत बताया। महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती एवं स्वामी निर्मलदास ने कहा कि धर्म के प्रचार-प्रसार और समाज को अध्यात्म से जोड़ने में ब्रह्मलीन स्वामी डॉ. श्यामसुंदरदास शास्त्री की अहम भूमिका रही। स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी हरिहरानंद एवं स्वामी दिनेश दास ने सभी संतों का आभार जताते हुए कहा कि पूज्य गुरुदेव के मार्ग का अनुसरण कर आश्रम की सेवा परंपरा का विस्तार करना ही उनके जीवन का लक्ष्य है।

कार्यक्रम में स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि, स्वामी शिवम महाराज, महंत कपिल मुनि, स्वामी हरिवल्लभ दास शास्त्री, स्वामी प्रबोधानंद, महंत रूपेंद्र प्रकाश, साध्वी आशा भारती, मेयर किरण जैसल, विधायक आदेश चौहान, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, समाजसेवी जगदीशलाल पाहवा, डॉ. संजय वर्मा, डॉ. विष्णुदत्त राकेश सहित बड़ी संख्या में संत, ट्रस्टी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पदम प्रसाद सुवेदी ने किया।