नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को यमुनानगर पुलिस ने किया गिरफ्तार
यमुनानगर, 07 फ़रवरी । थाना शहर यमुनानगर पुलिस ने 14 वर्षीय नाबालिग से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना प्रबंधक नरेंद्र सिंह ने शनिवार को बताया कि थाना क्षेत्र की एक महिला द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी नाबालिग दोहती कुछ समय पूर्व उसके पास रहने आई थी। एक दिन किशोरी अचानक घर से लापता हो गई, जिसकी आसपास व रिश्तेदारी में काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
परिजनों को आशंका थी कि एक युवक ने किशोरी को बहला-फुसलाकर शादी के बहाने अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज किया और एएसआई मीनाक्षी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने तकनीकी व गोपनीय सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी नाबालिग को लेकर पड़ोसी राज्य के एक क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दबिश दी और नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में किशोरी ने बताया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर विश्वास में लिया और उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ शारीरिक शोषण किया। बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

