UP

महोबा में टोल कर्मी ने ट्रक चालक से की मारपीट, जांच में जुटी पुलिस

महोबा, 12 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद से गुजरे कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खन्ना टोल प्लाजा का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, जिसमें टोल कर्मी ओवर लोडिंग की बात कह ट्रक चालक के साथ अभद्रता कर मारपीट करते हुए दिख रहा है। टोल कर्मियों की गुंडई से परेशान होकर ट्रक चालक ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है, तो वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि ट्रक चालक संदीप घाटमपुर से ईंट लादकर महोबा ला रहा था, तभी रास्ते में खन्ना टोल प्लाजा पर टोल कर्मी उससे भिड़ गया। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में ट्रक चालक ट्रक के ओवर लोड होने पर कांटा कराने की बात कह रहा है, जबकि टोल कर्मी गाली गलौच कर मारपीट करता हुआ दिख रहा है। राहगीरों एवं वाहन चालकों को आए दिन टोल कर्मियों की दबंगई का सामना करना पड़ता है।

टोल प्रबंधक पवन सिंह के अनुसार ट्रक चालक से कांटा कराने को कहा लेकिन वह नहीं करा रहा था, जिससे ट्रक काफी समय तक खड़ा रहा जिससे अन्य वाहनों को परेशानी हो रही थी। जिसकी सूचना डायल 112 पर दी गई,जिसके बाद ट्रक निकला। तो वहीं ट्रक चालक संदीप ने टोल कर्मियों द्वारा मारपीट करने की सूचना पुलिस को दी ।

गुरुवार को खन्ना थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि दोनों ओर से तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जा रही है।