एआई इम्पैक्ट समिट के लिए एनडीएमसी पूरी तरह तैयार : कुलजीत सिंह चहल
नई दिल्ली, 14 फ़रवरी । नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आगामी एआई इम्पैक्ट समिट 2026 को लेकर शनिवार को परिषद की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित होने वाला यह शिखर सम्मेलन देश के लिए गौरव का विषय है और एनडीएमसी इसकी मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।
चहल ने बताया कि जिस प्रकार जी-20 सम्मेलन के दौरान ‘अतिथि देवो भव’ की भावना के साथ एनडीएमसी ने उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की थीं, उसी तर्ज पर एआई इम्पैक्ट समिट के लिए भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आई-सीसीसी) के माध्यम से 330 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। वाहनों की जीपीएस के जरिए मॉनिटरिंग की जा रही है तथा दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। 16 से 20 फरवरी तक चलने वाले इस शिखर सम्मेलन के लिए बागवानी विभाग ने विशेष सजावट और हरित व्यवस्था की शुरुआत कर दी है। एनडीएमसी की स्वच्छता टीम 24 घंटे सक्रिय है।
चहल ने बताया कि मशीनीकृत स्वीपिंग और वेट स्वीपिंग के जरिए सड़कों की धूल साफ की जा रही है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए एंटी-स्मॉग गन का उपयोग किया जा रहा है तथा पेड़ों की धुलाई भी की जा रही है। पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि एनडीएमसी दुनिया भर से आने वाले मेहमानों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है और ‘नागरिक देवो भव’ व ‘सेवा तीर्थ’ की भावना के साथ इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाने के लिए
प्रतिबद्ध है।

