मप्र में रात दो बजे 11 आईएएस और 4 राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का तबादला
भोपाल, 14 फरवरी । मध्य प्रदेश शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 11 और राज्य प्रशासनिक सेवा के चार अधिकारियों का तबादला करते हुए उनकी नवीन पदस्थापना की है। इसमें कई अहम विभागों के प्रमुख बदले गए हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार की रात दो बजे आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के मुताबिक, अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को वन विभाग से हटाकर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा भोपाल गैस त्रासदी विभाग का दायित्व सौंपा गया है। उनके पास पहले से मौजूद पर्यावरण विभाग भी यथावत रहेगा, साथ ही उन्हें खाद्य सुरक्षा आयुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रमुख सचिव संदीप यादव को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से हटाकर वन विभाग का प्रमुख बनाया गया है। उन्हें प्रवासी भारतीय विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
इसी तरह 2009 बैच के आईएएस अधिकारी मनीष सिंह को जनसम्पर्क आयुक्त बनाया गया है। इससे पहले वे यह दायित्व निभा चुके हैं। मनीष सिंह फिलहाल परिवहन विभाग और जेल विभाग में सचिव भी जिम्मेदारी हैं। वे ये दोनों जिम्मेदारी पहले ही तरह निभाते रहेंगे। साथ ही मध्य प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम और इंटर स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास रहेगा।
वहीं, अब तक जनसंपर्क विभाग संभाल रहे दीपक कुमार सक्सेना को आबकारी आयुक्त नियुक्त किया गया है। सक्सेना चार महीने इस पद पर रहे। इससे पहले वे जबलपुर जिले के कलेक्टर रहे हैं। वहीं आबकारी आयुक्त रहे अभिजीत अग्रवाल को मध्य प्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ, भोपाल का प्रबंध संचालक बनाकर वापस बुलाया गया है। अग्रवाल आबकारी आयुक्त के पद पर दो साल रहे। उन्हें नई आबकारी नीति लागू होने से ठीक पहले हटाया गया है।
इसी तरह 2009 बैच के अफसर अजय गुप्ता को संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास से हटाकर पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर में प्रबंध संचालक बनाया गया है, जबकि 2011 बैच के उमाशंकर भार्गव की राजभवन से 8 महीने में वापसी हो गई है। उन्हें किसान कल्याण एवं कृषि विकास का संचालक बनाया गया है। भिंड जिला पंचायत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुनील दुबे को राज्यपाल का उप सचिव बनाया गया है। उच्च शिक्षा विभाग में उप सचिव संघमित्रा गौतम को आलीराजपुर जिला पंचायत का सीईओ पदस्थ किया गया है। इसी तरह आगर मालवा जिला पंचायत सीईओ नंदा भलावे कुशरे को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में अपर परियोजना संचालक बनाया है। इसके अलावा स्कूल शिक्षा विभाग में उप सचिव कमल सोलंकी को राससेन जिला पंचायत का सीईओ बनाया गया है।
शुक्रवार को देर रात जारी हुए एक अन्य आदेश में राज्य प्रशानिक सेवा के चार अधिकारियों का तबादला किया गया है। इनमें शाजापुर के अपर कलेक्टर भुरला सिंह सोलंकी को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आगर मालवा, छतरपुर के अपर मिलिंद कुमार नागदेवे को जिला पंचायत खरगोन और बुरहानपुर के अपर कलेक्टर वीर सिंह चौहान को जिला पंचायत भिंड का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। वहीं, इंदौर सहकारी दुग्ध संघ के उपमहाप्रबंधक राकेश शर्मा को मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, भोपाल का मुख्य महाप्रबंधक नियुक्त किया गया है।
मनीष सिंह ने संभाला जनसम्पर्क आयुक्त पदभार
पदस्थापना के बाद शनिवार को आईएएस मनीष सिंह ने जनसम्पर्क संचालनालय पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहण करने पहुंचे नवागत जनसम्पर्क आयुक्त मनीष सिंह का निवर्तमान जनसम्पर्क आयुक्त दीपक सक्सेना ने पुष्प-गुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इससे पहले मनीष सिंह ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी सौजन्य भेंट की।

