गुरुग्राम भाजपा कार्यालय पहुंचे केरल से आए भाजपा के मेयर एवं पार्षद
गुरुग्राम, 14 फरवरी । केरल के तिरुवनंतपुरम में स्थानीय निकाय चुनाव में पहली बार भाजपा के मेयर चुने गए वीवी राजेश एवं भाजपा पार्षदों का डेलिगेशन गुरुग्राम नगर निगम की कार्यप्रणाली समझने और सीखने पहली बार गुरुग्राम पहुंचे। गुरुग्राम पंहुचने पर गुरुग्राम भाजपा जिला की टीम ने एंबियंस मॉल के पास उनका भव्य स्वागत किया। फिर भाजपा गुरुग्राम जिला कार्यालय गुरुकमल ले जाया गया।
भाजपा हरियाणा के प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, बादशाहपुर विधानसभा से विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, भाजपा हरियाणा प्रदेश महामंत्री सुरेन्द्र पुनिया, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, स्थानीय मेयर, पार्षद एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की परिचय बैठक आयोजित की गई। जिसमें संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने हरियाणा में संगठन विस्तार एवं संगठनात्मक कार्यों से सभी का मार्गदर्शन किया। कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा के विकास में चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं, शहरी विकास मॉडल, स्वच्छता अभियान, स्मार्ट सिटी पहल तथा नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी साझा की।
भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने केरल से पधारे मेयर, पार्षदों को हरियाणा की आन बान शान की प्रतीक पगड़ी भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि यह संवाद केवल औपचारिक भेंट नहीं, बल्कि एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रहेगा। हम सभी का अपने अनुभवों का आदान-प्रदान विकास की गति को और अधिक तेज करता है तथा नई संभावनाओं के द्वार खोलता है। इस अवसर पर भाजपा गुरुग्राम जिला महामंत्री अजीत यादव, मनीष सैदपुर, जिला मीडिया प्रभारी हितेश चौधरी, सहप्रभारी राजन चौहान, जिला उपाध्यक्ष जयवीर यादव, पूनम भटनागर, जिला कार्यालय प्रभारी यादराम जोया एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

