Haryana

सिरसा: लाखों रुपये की हेरोइन व गांजा सहित तीन तस्कर गिरफ्तार

सिरसा, 14 फ़रवरी । स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए लाखों रुपये की 165 ग्राम हेरोइन व गांजा सहित तीन तस्करों को सिरसा जिले क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने शनिवार को बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान पंजाब के बठिंडा निवासी लखविंद सिंह व सिरसा जिला निवासी राजू व इंद्र सिंह के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा की पुलिस टीम डबवाली रोड क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एक कार आती दिखाई दी। चालक ने सामने पुलिस टीम को देखकर कार वापस मोड़ कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने शक के आधार पर कार को जांच के लिए रूकवाया तो उसमें से 160 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी से पूछताछ में सामने आया है कि हेरोइन को सिरसा व रोड़ी क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि एबीवीटी स्टाफ सिरसा पुलिस ने गांव सुरतिया रोड़ रोड़ी क्षेत्र से एक युवक को काबू किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान राजू के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के कब्जे से 165 ग्राम हेरोइन पकड़ी गई है।

इसके अलावा पुलिस ने रंधवा क्षेत्र से इंद्र सिंह को छह किलोग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया है। उन्होंनेे बताया कि पुलिस टीम रंधावा क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। गांव रंधावा की तरफ से एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने शक के आधार पर कार को जांच के लिए रोका तो कार से गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ नाथूसरी चोपटा थाना में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित थाने में अभियोग दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान हेरोइन व गांजा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में नाम पता मालूम कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।