सिरसा: कुरुक्षेत्र पड़ाव बारे किसानों ने निकाला पैदल मार्च
सिरसा, 22 फ़रवरी । हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर रविवार को भारतीय किसान एकता (बीकेई) के नेतृत्व में किसानों ने सिरसा जिले के कई गांवों में पैदल मार्च निकाल कर किसानों को सीएम आवास कुरुक्षेत्र पड़ाव में पहुंचने का आह्वान किया।
बीकेई के प्रदेशाध्यक्ष लखविंद्र सिंह ने बताया कि सिरसा से सोमवार को किसानों का जत्था रवाना होगा। लखविंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा किसान विरोधी फैसलों में किसानों में रोष है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमेरिका से किया गया फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किसानों के लिए डेथ वारंट से कम नहीं है। इसलिए उपरोक्त डील को रद्द किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकारों की गलत नीतियों व फसलों के सही दाम न मिलने के कारण कर्जदार हुए किसानों, खेत मजदूरों की संपूर्ण कर्जा माफी की जाए। नया बिजली कानून व सीड्स बिल रद्द किया जाए। बुजर्गों का सम्मान भत्ता बंद करने के लिए सरकार कोई बहाना न बहाए। मुख्यमंत्री हरियाणा धान घोटाले में लिप्त अधिकारियों को बर्खास्त करते हुए उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करवाएं। मुख्यमंत्री अपनी की गई घोषणाओं के अनुसार 23 फसलों की एमएसपी पर खरीद करवाएं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की त्रुटियों को दूर किया जाए। नदियों, नालों और खालों की सफाई व खुदाई करवाई जाए। यूरिया व डीएपी खाद समय पर मुहैया करवाई जाए, को-ऑपरेटिव बैंक व सोसायटियों को मजबूत करके नए किसानों को मेंबर बनाया जाए।
इस मौके पर हरचरण सिंह पंजुआना, गुरलाल सिंह भंगू, पूर्व सरपंच रोहिड़ांवाली गुरदेव सिंह, भरत गोदारा, बलजिंद्र सिंह, दीपू गिल, पूर्व सरपंच नछत्तर सिंह, गोरा सिंह, बिंद्र सिंह आदि किसान मौजूद रहे।

