गुरूकोठा उपडाकघर के स्थानांतरण के विरोध में महिला मंडल खून से लिखा ज्ञापन भेजा
जिले के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के गुरूकोठा कस्बे में पिछले 80 सालों से चले आ रहे उपडाकघर को स्थानांतरित करके लेदा ले जाने के विरोध में स्थानीय लोगों द्वारा किए जा रहा विरोध प्रदर्शन लगातार आठवें दिन भी जारी रहा। स्थानीय लोग इसे यहां से हटाने से रोकने के लिए दिन रात धरना दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि लोगों ने करोड़ों रूपए इस डाकघर में जमा करवा रखे हैं, इंडिया पोस्ट पेमेंट गुरूकोठा का बोर्ड भी यहां पर बकायदा लगा हुआ है। इसका काम अचानक कोई नोटिस चिपकाए या बोर्ड लगाए ही बंद कर दिया गया है। यह भी नहीं बताया गया कि लोगों को अब अपने कामों के लिए कहां जाना होगा।
रविवार को अंतर्राष्ट्ीय महिला दिवस के मौके पर क्षेत्र की महिलाओं ने अपने खून से एक ज्ञापन लिख कर प्रवर डाक अधीक्षक को भेजा तथा इसकी प्रतियां उपायुक्त मंडी व उपमंडलाधिकारी बल्ह नेरचौक को भी प्रेषित की। महिला मंडल की प्रधान जमुना ठाकुर जो सेवानिवृत प्रवक्ता भी हैं की ओर से यह खून से लिखा ज्ञापन भेजा गया है। इसके मांग की गई कि उपडाकघर को किसी भी सूरत में यहां से न बदला जाए। आरोप लगाया कि इसे यहां से बदलने के लिए विभाग ने गलत आंकड़े उच्चाधिकारियों को भेजे हैं।
पंचायत के पूर्व प्रधान लेख राम ने बताया कि यदि इस उपडाकघर के स्थानांतरण आदेशों को रद्द नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता जो अब तक सभी अधिकारियों से मिल कर अपनी बात रख चुकी है अब प्रवर डाक अधीक्षक मंडी का घेराव करेगी। यदि इसमें किसी तरह की कानून व्यवस्था बिगड़ती है तो इसके जिम्मेवार वह खुद होंगे क्योंकि उन्होंने 80 साल से मिल रही सुविधा को छीना है और लगातार लोगों की मांग को अनसुना कर रहे हैं।

