यमुनानगर : घर में ताला तोड़कर चोरी के मामले में आरोपित रिमांड पर, चोरी का मोबाइल बरामद
यमुनानगर, 11 मार्च । यमुनानगर में घर का ताला तोड़कर की गई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को प्रोडक्शन वारंट के जरिए अदालत से हिरासत में लेकर पूछताछ की। रिमांड के दौरान आरोपित की निशानदेही पर चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की आगे जांच कर रही है।
स्पेशल सेल प्रभारी रमन चंदेल ने बुधवार काे बताया कि इस संबंध में सहारनपुर निवासी राजू की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने कहा था कि वह बिलासपुर क्षेत्र में राधा स्वामी सत्संग भवन के पास किराये के मकान में परिवार के साथ रहता है। गत 24 जनवरी की रात परिवार के सभी सदस्य काम से लौटने के बाद सो गए थे। अगली सुबह उठने पर कमरे का दरवाजा खुला मिला और अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और एक मोबाइल फोन गायब हैं। एक व्यक्ति द्वारा ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। शिकायत के आधार पर संबंधित थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इस मामले में संलिप्त एक आरोपी पहले से ही एक अन्य मामले में जिला जेल जगाधरी में बंद है। इसके बाद पुलिस ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपित ने 24 जनवरी को चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपित को पुनः अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
—

