Haryana

सिरसा: नहर में डूब रहे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला

सिरसा, 16 मार्च । सिरसा जिले के नाथूसरी चोपटा क्षेत्र से गुजर रही बरूवाली नहर में डूबते बच्चे को एक व्यक्ति ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में छलांग कर बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान चोपटा में लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत संदीप कुमार व चालक सुशील कुमार सोमवार शाम चोपटा की तरफ आ रहे थे। रास्ते में बरूवाली नहर में एक बच्चे को डूबता हुआ देखा तो संदीप कुमार ने नहर में छलांग लगा दी और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि यह पुष्टि नहीं हो पाई कि बच्चा नहर में कैसे गिरा। बताया जा रहा है कि नहर किनारे नाथ समुदाय के परिवार रहते हैं जो कि अक्सर नहाने के लिए नहर में जाते हैं। संभवत: बच्चा हन्नी भी नहर में नहाने के लिए उतरा हो, लेकिन तैरना न आने के कारण वह नहर में बहने लगा। संदीप कुमार ने बच्चे को बहता हुआ देखा तो वह नहर में कूदा और हन्नी को सुरक्षित बाहर निकाला लिया। बच्चे को उसके परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने संदीप कुमार व सुशील कुमार का आभार जताया है।