खाद्य मंत्री ने किया 181 हेल्पलाइन का निरीक्षण, गैस एजेंसियों की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जयपुर, 16 मार्च । खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने सोमवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क सेवा (181) का निरीक्षण किया और दूरभाष के माध्यम से आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए।
यह निरीक्षण मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के उस निर्देश के क्रम में किया गया, जिसमें घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने डीडवाना-कुचामन के परबतसर, सीकर, बालोतरा, किशनगढ़ (अजमेर), सिणधरी, साहवा, सूरतगढ़, कोटपुतली-बहरोड़ और केकड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से दूरभाष पर बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं।
उन्होंने प्रदेश में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता का भरोसा दिलाया।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि गैस सिलेंडर वितरण के समय ओटीपी की प्रक्रिया का पालन नहीं करने या बुकिंग के दो-तीन दिन के भीतर सिलेंडर नहीं पहुंचाने जैसी अनियमितताओं पर संबंधित गैस एजेंसियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से केवाईसी प्रक्रिया भी पूरी करवाने का आग्रह किया।
इस दौरान मंत्री ने संपर्क सेवा पर प्राप्त शिकायतों की संख्या, उनके निस्तारण की अवधि और लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवादी की समस्या का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा समय-समय पर लोगों से प्रतिक्रिया लेकर व्यवस्था में सुधार किया जाए।
मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से संपर्क सेवा पर उपस्थित होकर आमजन से सीधे संवाद करने और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश भी दिए।

