यमुनानगर पुलिस ने स्मैक सहित तीन आरोपी दबोचे
यमुनानगर, 08 अप्रैल । यमुनानगर पुलिस की अपराध शाखा-2 ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य की 80 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक तथा इस अवैध पदार्थ के दो संभावित खरीदारों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने दो आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेजा, जबकि एक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अपराध शाखा-2 के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव मंडोली बस अड्डा हाईवे के समीप एक युवक मादक पदार्थ के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई और संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट को मौके पर बुलाया गया और उनकी मौजूदगी में तलाशी ली गई। जांच के दौरान युवक के पास से 80 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान व्यासपुर निवासी वंश के रूप में हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह स्मैक भिवानी जिले के गीता नगर निवासी रघुनंदन तथा गांव खरक कला निवासी नवीन को देने जा रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों व्यक्तियों को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी वंश और रघुनंदन को पुलिस रिमांड पर भेजा है, जबकि नवीन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

