भीषण गर्मी और लू को लेकर मुख्यमंत्री की अपील, दोपहर में धूप से बचने की सलाह
जयपुर, 29 अप्रैल । राजस्थान में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) के प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से सतर्कता बरतने और राज्य सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी की पालना करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गर्मी का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में नागरिकों को अपने स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने खासतौर पर बच्चों, वृद्धजनों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने आमजन से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने का आग्रह किया है, क्योंकि इस दौरान लू का प्रभाव सबसे अधिक रहता है। उन्होंने पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में हीट स्ट्रोक के गंभीर लक्षण जैसे तेज बुखार, चक्कर आना, बेहोशी या अत्यधिक कमजोरी महसूस हो तो तुरंत चिकित्सा सहायता प्राप्त करनी चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें या आपातकालीन सेवाओं के लिए टोल-फ्री नंबर 108 अथवा 112 पर सहायता लें।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों, किसानों, पशुपालकों और खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि कार्यस्थलों पर पर्याप्त पानी, छाया और विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए पशु-पक्षियों के लिए भी पानी और भोजन की व्यवस्था करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी केवल मनुष्यों ही नहीं, बल्कि जीव-जंतुओं के लिए भी गंभीर चुनौती है।
राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य सुरक्षा उपायों को अपनाकर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं।

