Rajasthan

बीएसएनएल के तार काटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह छह शातिर गिरफ्तार

जयपुर, 09 मई । राजधानी जयपुर की बजाज नगर थाना पुलिस और कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दूरसंचार विभाग (बीएसएनएल) की मुख्य टेलीफोन केबल काटकर तांबे के तार चुराने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए बिहार के रहने वाले गिरोह के छह शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से भारी मात्रा में तांबे के तार और केबल काटने के औजार बरामद किए गए हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि बजाज नगर थाना पुलिस और कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दूरसंचार विभाग (बीएसएनएल) की मुख्य टेलीफोन केबल काटकर तांबे के तार चुराने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह के शातिर बदमाश मुजाहिद (55),मुजफ्फर (41),कदीर (50), मंसूर (36) ,अनीश (23) और सरफराज (25) को गिरफ्तार किया गया है और पकड़े गए सभी आरोपित मूल रूप से बिहार के अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जो जयपुर में रहकर इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपिताें का न्यायालय से पीसी रिमांड हासिल किया और उनकी निशानदेही पर 54 किलोग्राम तांबे जैसी धातु के कटे हुए तार, केबल काटने और खुदाई में इस्तेमाल होने वाले दो गेंती,दो फावड़े और एक आरी फनर बरामद किया है।

थानाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि थाना इलाके में स्थित टोंक रोड पर टोंक फाटक पुलिया के नीचे से गुजर रही बीएसएनएल की मुख्य टेलीफोन कनेक्शन लाइन को चोरों ने काट दिया था। जिससे क्षेत्र की संचार सेवाएं ठप हो गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त (मालवीय नगर) विनोद कुमार शर्मा के निर्देशन में नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने सीएसटी टीम के साथ मिलकर तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों पर नजर रखी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल सभी छह आरोपितों को दबोचा। पुलिस अब आरोपिताें से पूछताछ कर रही है कि वे चुराया गया तांबा किसे बेचते थे और पूर्व में उन्होंने ऐसी कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।