शिमला : होटल में युवती समेत दो लोगों से चिट्टा बरामद, गिरफ्तार
शिमला, 11 मई । शिमला जिले के ठियोग में पुलिस ने एक होटल में छापेमारी कर युवती समेत दो लोगों को चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को थाना ठियोग की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें विश्वसनीय सूचना मिली कि शाली बाजार स्थित एक निजी होटल के कमरा नंबर 105 में एक युवक और युवती नशीले पदार्थ के साथ ठहरे हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 42(2) के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी।
इसके बाद पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा। तलाशी के दौरान कमरे से 3 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद जोगेंद्र वेक्टा (35) निवासी ठियोग और शिवानी वर्मा निवासी (23) निवासी फागू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों तक चिट्टा कहां से पहुंचा और क्या इनके तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं।
उधर, शिमला पुलिस ने दावा किया है कि वर्ष 2026 में नशे के खिलाफ अभियान के तहत अब तक 25 नशा तस्करी नेटवर्कों को ध्वस्त किया गया है। पुलिस के अनुसार बैकवर्ड लिंकिज यानी सप्लाई चेन की जांच के आधार पर इस साल 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई केवल छोटे स्तर के पेडलरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि मुख्य सप्लायरों और अंतरराज्यीय नेटवर्क संचालकों तक भी पहुंच बनाई गई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और केरल समेत कई राज्यों में सक्रिय सप्लाई चेन को निशाना बनाया गया है।

