Haryana

अग्रवाल समाज का इतिहास गौरव व गरिमा से परिपूर्ण : नायब सैनी

चंडीगढ़, 17 मई । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा है कि अग्रवाल समाज का इतिहास गौरव व गरिमा से परिपूर्ण रहा है। महाराजा अग्रसेन ने अपने जीवन में समाज को नई दिशा प्रदान की है। मुख्यमंत्री रविवार को चंडीगढ़ के सेक्टर 17 स्थित सर्कस ग्राउंड में अखिल भारतीय अग्रवाल मैत्री संघ द्वारा आयोजित अग्र समाज स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेकर हरियाणा, पंजाब, हिमाचल समेत उत्तर भारत के राज्यों से आए हुए अग्र समाज के लोगों को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक व प्रेरणादायी हैं। अग्र समाज के लोगों का बुद्धिमता व कौशल के क्षेत्र में कोई मुकाबला नहीं है। यह महाराजा अग्रसेन का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि देश में आजादी के आंदोलन में अग्र समाज की भूमिका अहम रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्रवाल समाज ने हर दौर में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है। देश को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान करने तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने में अग्र समाज के लोग हमेशा प्रथम पंक्ति में खड़े रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने एक रुपया, एक ईंट के सिद्धांत से समाज को आत्मनिर्भता तथा सहयोग का मार्ग दिखाया है।

इस अवसर पर बोलते हुए स्वामी संपूर्णानंद महाराज ने कहा कि अगर कहीं दान पुण्य और धर्म जीवित है तो केवल अग्र समाज के कारण है। लेकिन आज यहां भी कुरीतियां आ गई हैं। अग्र समाज का इतिहास भी गैरवशाली था भविष्य भी महान है। इसलिए अग्र समाज के लोग बच्चों को अच्छे संस्कार दें।

हनुमान परिवार उज्जैन के संस्थापक पंडित विजय शंकर मेहता ने महाराजा अग्रसेन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब मनुष्य को जीवन में अपनों से ही युद्ध (वैचारिक या अन्य) करना पड़े, तो महाराजा अग्रसेन के जीवन का दृष्टिकोण हमें सही मार्ग दिखाता है।

हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं कार्यक्रम आयोजक असीम गोयल नन्यौला ने उत्तरी भारत के राज्यों से पहुंचे अग्र समाज के लोगों से आहवान किया कि वह आज इस आयोजन से यह प्रण लेकर जाएं कि आज के बाद महाराजा अग्रसेन नहीं बल्कि भगवान अग्रसेन कहेंगे। उन्होंने कहा कि अग्र समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने घरों तथा दफ्तरों व प्रतिष्ठानों में भगवान अग्रसेन की प्रतिमा, तस्वीर जरूर लगाए। उन्होंने बच्चों को अपना इतिहास बताने की अपील करते हुए कहा कि जब भी अवसर मिले बच्चों को एक बार अग्रोहा धाम लेकर जरूर जाएं।

पंजाब में सत्ता नहीं सेवा का अवसर दें : नायब सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राजधानी चंडीगढ़ में एक बार फिर से पंजाब सरकार को घेरा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब देश की शौर्य, समृद्धि की भूमि रहा है। पंजाब नंबर एक का राज्य रहा है। राजनीतिक इच्छा शक्ति के कारण पंजाब को इसका खामियाजा भुगताना पड़ा है। गलत नीतियां, अव्यवस्था के कारण व्यापार, उद्योग और पंजाब के युवाओं को नुकसान झेलना पड़ा है। पंजाब के लोगों को अब बयानबाजी नहीं परिणाम, वादे नहीं काम, राजनीति नहीं विकास चाहिए। पंजाब में भी व्यापारियों व उद्यमियों के लिए वहीं विकास दृष्टि लेकर आना चाहते हैं जो हरियाणा व अन्य राज्यों में लेकर आए हैं। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनों से अपील की कि वह सुशासन के लिए पंजाब की धरती पर भी कमल खिलाने का संकल्प लें।