राजगढ़ः गाड़गंगा नदी में मिला लापता युवक का शव, जांच शुरू
राजगढ़, 17 मई । मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर गाड़गंगा नदी में एक 40 वर्षीय लापता युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बीरम वर्मा के रूप में हुई, जो शनिवार शाम से लापता था। परिजनों ने रविवार सुबह गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार बीरम वर्मा शनिवार शाम सब्जी लेने घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रविवार दोपहर नदी में एक शव दिखाई देने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। केवल बाल दिखाई देने पर स्थानीय लोगों की मदद से शव बाहर निकाला गया। शव देखते ही मौके पर मौजूद बहन ने पहचान की, जिसके बाद परिजनों में शोक का माहौल छा गया। थाना प्रभारी कमलसिंह गहलोत ने टीम के साथ शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बीरम वर्मा कालाजी बड़ली क्षेत्र में पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहता था तथा मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिवार का कहना है कि वह बिना किसी विवाद के सामान्य रूप से घर से निकला था। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

