राजगढ़ः मिनी ट्रक की टक्कर से दस वर्षीय बालिका की मौत
राजगढ़, 17 मई । मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में नेशनल हाइवे-52 स्थित हरिपुरा-जोगीपुरा गांव के नजदीक रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें सड़क पार कर रही दस वर्षीय बालिका की मिनी ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। देहात ब्यावरा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद षव परिजनों को सौंपा और जीरो पर मर्ग कायम कर संबंधित थाना चाचैड़ा के सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार बालिका पूर्ति पुत्री पर्वतसिंह भिलाला (10) अपने घर की ओर जा रही थी, तभी रॉन्ग साइड से आ रहे मिनी ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिजन गंभीर हालत में घायल बालिका को ब्यावरा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए भोपाल रेफर कर दिया। लेकिन नरसिंहगढ़ के पास पहुंचते ही रास्ते में बालिका की सांसें थम गईं। ब्यावरा सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि हाईवे गांव के बीच से गुजरता है, और पूर्ति सड़क पार कर रही थी तभी अचानक तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मारी। टक्कर के बाद वह दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मिनी ट्रक चालक ने भागने के बजाय मानवता दिखाते हुए स्वयं वाहन रोककर परिजनों के साथ बालिका को अस्पताल पहुंचाया। परिजन और चालक उसे भोपाल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बालिका की मौत से परिवार में मातम छा गया और उसकी मां अस्पताल में बेसुध हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु कर दी है।

