MP

राजगढ़ः लोन दिलाने के नाम पर किसान से ठगी, तीन पर केस दर्ज

राजगढ़, 23 मई । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया थाना क्षेत्र के ग्राम नेवली निवासी व्यक्ति से लोन दिलाने के नाम पर 31 हजार 900 रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की।

पुलिस के अनुसार ग्राम नेवली निवासी भगवानसिंह (47) पुत्र मिश्रीलाल मीना ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 15 मई को दोपहर करीब 12 बजे मुकेश मेहरा ने खुद को मुथुत फाइनेंस कंपनी, एमपी नगर भोपाल का कर्मचारी बताते हुए फोन किया और लोन दिलाने की बात कही। भरोसा होने पर मुकेश अपने साथी दिनेश के साथ दोपहर 2 बजे फरियादी के घर पहुँच गया। दोनों ने आधार, पैन और बैंक पासबुक देखकर बताया कि 10 लाख रुपये तक का लोन स्वीकृत हो सकता है। अगले दिन फरियादी उनके कहे अनुसार ब्यावरा पहुँचा,जहाँ दोनों ने उसे होटल ले जाकर उसके मोबाइल व दस्तावेज अपने पास रख लिए। लगभग पाँच घंटे की बातचीत के दौरान आरोपितों ने बिना बताए अलग- अलग बैंकों से 55, 460 रुपये का लोन निकलवा लिया।

फरियादी के अनुसार, उसके खाता से 31,900 रुपये ट्रांसफर कर निकाल लिए गए। इसी दौरान तीसरे आरोपित अजय वर्मा ने फोन कर भोपाल ब्रांच बुलाने का झांसा दिया और लोन पास कराने की बात कही। पुलिस ने मामले में मुकेष पिता रामनारायण मेहरा, दिनेष पिता रामस्वरुप मीना निवासी अमहदपुरा जिला सीहोर और अजय पिता बुद्वराम वर्मा निवासी नरसिंहगढ़ जिला राजगढ़ के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।