सीबीएसई भुगतान प्रणाली में सुधार के लिए आगे आए चार सरकारी बैंक: धर्मेंद्र प्रधान
नई दिल्ली, 24 मई । केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने सीबीएसई को भुगतान गेटवे प्रणाली में व्यापक सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने सीबीएसई की परीक्षा परिणाम और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान छात्रों को आ रही तकनीकी और भुगतान संबंधी समस्याओं को लेकर केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण से चर्चा की। इसके बाद सीबीएसई की भुगतान प्रणाली को मजबूत करने के लिए चार सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की सहायता लेने का निर्णय लिया गया है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुसार भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक और इंडियन बैंक सीबीएसई के पोस्ट परीक्षा सेवा पोर्टल के साथ भुगतान गेटवे प्रणाली को मजबूत करने और आवश्यक तकनीकी एकीकरण में सहयोग करेंगे। ये बैंक सीबीएसई को मजबूत भुगतान प्रोटोकॉल विकसित करने में सहायता करेंगे, जिससे समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही भुगतान संबंधी गड़बड़ियों को दूर करने और अतिरिक्त भुगतान होने की स्थिति में स्वत: धनवापसी की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।
मंत्रालय के अनुसार वित्त मंत्रालय और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के समन्वित प्रयास से डिजिटल लेनदेन को सुगम बनाने, भुगतान प्रणाली की स्थिरता बढ़ाने और पुनर्मूल्यांकन सहित अन्य सेवाओं का लाभ लेने वाले छात्रों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

