Uttarakhand

मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में 39 पुलिसकर्मी सम्मानित

नैनीताल, 30 मई । नैनीताल जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शनिवार को जनपद के अपराधों की मासिक समीक्षा की। इस दौरान आगामी पर्यटन सत्र, कैंची धाम मेले तथा कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गयी और इससे पूर्व उन्होंने पुलिस कार्मिकों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिये।

बैठक में डॉ. टीसी ने सीसीटीएनएस, ई-साइनिंग, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, साइबर शिकायतों के समाधान तथा विभिन्न पोर्टलों को अद्यतन रखने के निर्देश दिये। चोरी, नकबजनी एवं झपटमारी की घटनाओं को ई-साक्ष्य एप पर दर्ज करने तथा सड़क दुर्घटनाओं का विवरण आई-रैड एप में अंकित करने पर भी जोर दिया। साथ ही आगामी पर्यटन सत्र और कैंची धाम मेले को देखते हुए सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिये।

उन्होंने कहा कि पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार किया जाये तथा अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाये। साथ ही स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देकर जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत बनाने पर बल दिया जाये।

गोष्ठी में अप्रैल माह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 39 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। विशेष रूप से मुख्य आरक्षी वीरेंद्र राम, महिला आरक्षी नयनतारा तथा मुख्य आरक्षी ललित बिष्ट को लंबित मालों के सफल निस्तारण के लिए सराहा गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, संयुक्त निदेशक विधि हीरा सिंह राणा, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार सहित जनपद के सभी थाना, यातायात एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।