नूंह:योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाए प्रत्येक नागरिक:राव नरबीर
नूंह, 21 जून । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नूंह की जिला पुलिस लाइन में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और उपस्थित लोगों के साथ योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर मंत्री राव नरबीर सिंह ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग केवल शरीर और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और दीर्घायु प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को भी योगी पुरुष कहा गया है और भारतीय संस्कृति में योग का विशेष महत्व रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से मानसिक शांति, आत्मविश्वास और बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त होता है।
अपने संबोधन में राव नरबीर सिंह ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एनसीआर क्षेत्र सहित कई इलाकों में नशे का चलन बढ़ रहा है, जिसे रोकने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा को नशामुक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
योग सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए तथा योग के महत्व को समझा।
जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस लाइन में उत्साह, अनुशासन और स्वास्थ्य जागरूकता का विशेष माहौल देखने को मिला। अधिकारियों और आमजन की सहभागिता ने योग दिवस के संदेश को और अधिक प्रभावी बनाया।

