मंगलवाड़ पुलिस की दोहरी कार्रवाई, 19 ग्राम एमडीएमए के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 9 मॉडिफाइड बाइक जब्त
चित्तौड़गढ़, 22 जून । जिले की मंगलवाड़ थाना पुलिस ने रविवार को दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की। पहली कार्रवाई में 19 ग्राम अवैध एमडीएमए पाउडर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर बाइक जब्त की, वहीं दूसरी कार्रवाई में यातायात नियमों के उल्लंघन पर 9 मॉडिफाइड बाइक जब्त की गई।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि एएसपी मुकुल शर्मा के निर्देशन व डीएसपी बड़ीसादड़ी के सुपरविजन में 22 जून को चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे से छापरी गांव जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक पर आ रहे दो संदिग्धों ने पुलिस को देख कर भागने का प्रयास किया। रोककर तलाशी लेने पर आरोपी रामचन्द्र गाडरी निवासी भगीमों का खेड़ा थाना भींडर जिला उदयपुर और शम्भुलाल गुर्जर निवासी नेगड़िया थाना मंगलवाड़ के कब्जे से 19 ग्राम अवैध मिथाइलीनडाइऑक्सी मेथाम्फेटामाइन (एमडीएमए) बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ और बाइक जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
9 मॉडिफाइड बाइक जब्त
दूसरी कार्रवाई यातायात व सड़क सुरक्षा अभियान के तहत की गई। वाहनों की जांच के दौरान संरचना में अवैध परिवर्तन, अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन पाए जाने पर 9 बाइक को धारा 38 पुलिस एक्ट के तहत जब्त किया गया। पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट, हूटर, काली फिल्म तथा अनाधिकृत शब्द एवं चिन्हों का उपयोग न करें।

