Rajasthan

एक माह में 24 बाल श्रमिकों का रेस्क्यू

जोधपुर, 01 जुलाई । जिले में एक जून से तीस जून तक बाल श्रम, बाल बंधुआ मजदूरी एवं मानव दुव्र्यापार (बाल तस्करी) के उन्मूलन के लिए चलाए गए विशेष अभियान उमंग सप्तम के तहत 24 बाल श्रमिक बच्चों का रेस्क्यू कर उन्हें बाल कल्याण समिति जोधपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

समिति के अध्यक्ष विक्रम चेतन सरगरा ने बताया कि रेस्क्यू किए गए 24 बच्चों में से 13 बच्चे जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट, नौ जोधपुर ग्रामीण तथा दो फलोदी जिले से लाए गए थे। सभी बच्चों को बाल श्रम करते हुए विभिन्न स्थानों से मुक्त कराया गया। समिति ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर पारिवारिक पुनर्वास कराया।

साथ ही जिला बाल संरक्षण इकाई, जोधपुर को पत्र भेजकर निर्देश दिए गए कि पात्र बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि उनके पुनर्वास और शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। इस दौरान समिति सदस्य बबीता शर्मा, जय भाटी, गंगाराम देवासी तथा अनिल मरवण भी उपस्थित रहे।