Rajasthan

अवैध शराब के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार, भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त

डूंगरपुर, 05 जुलाई । डूंगरपुर जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत कुँआ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत कुँआ थानाधिकारी रघुवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम बेडुवा पुल के पास नाकेबंदी कर रही थी। इसी दौरान आनंदपुरी की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर वाहन मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान नोलियावाड़ा निवासी मनोज पुत्र मोतीलाल कलाल के रूप में हुई।

मोटरसाइकिल पर रखे कट्टों की तलाशी लेने पर पुलिस को अंग्रेजी शराब और बीयर के तीन कार्टन मिले। शराब के परिवहन संबंधी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर ली। पूछताछ के दौरान मनोज ने साकोदरा रोड स्थित एक किराना दुकान में भी अवैध शराब छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल दुकान पर छापा मारा, जहां से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। यह दुकान मनोज का भाई हितेश कलाल किराये पर संचालित कर रहा था। पुलिस ने हितेश को भी गिरफ्तार कर लिया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 36 बोतल किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर, 12 बोतल टुबोर्ग स्ट्रॉन्ग बीयर, रॉयल स्टैग के 180 एमएल के 60 पव्वे, काउंटी क्लब के 180 एमएल के 27 पव्वे तथा व्हाइट लेस वोडका के 180 एमएल के 15 पव्वे जब्त किए हैं।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी रघुवीर सिंह, हेड कांस्टेबल नारायणलाल तथा कांस्टेबल लोकेश गायरी, विनोद कुमार, चन्द्रवीर सिंह और प्रभुलाल शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।