Himachal Pradesh

पुलिस के हत्थे चढ़ा चोरी का आरोपी, चोरी के गहने भी बरामद

धर्मशाला, 29 जुलाई । पुलिस जिला नूरपुर के तहत पुलिस थाना फतेहपुर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। मामले में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा चोरी किये गये सभी आभूषण बरामद कर लिया गये हैं।

गौरतलब है कि फतेहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव मोच उपरला तहसील फतेहपुर के निवासी द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके मकान में प्रवेश कर अलमारी से आभूषण चोरी कर लिए थे।

शिकायत मिलने पर पुलिस थाना फतेहपुर में चोरी का मामला दर्ज कर त्वरित जांच आरंभ की गई थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुलिस जिला नूरपुर ने बताया कि मामले की गहन जांच और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी शुभम (25 वर्ष), पुत्र स्व. कुलबीर सिंह, निवासी गांव बद्धवाडा, तहसील फतेहपुर को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के उपरांत पुलिस टीम ने आरोपी से चोरी हुए सभी आभूषण सफलतापूर्वक बरामद कर लिए हैं। मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी प्रक्रिया व जांच जारी है।