राजगढ़ःडेटा गायब होने का आरोप लगाकर मोबाइल सेंटर में तोड़फोड़, केस दर्ज
राजगढ़, 29 जुलाई । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र स्थित राजगढ़ बायपास चौराहे पर एक मोबाइल सेंटर में बुधवार दोपहर डेटा गायब होने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राहक ने मोबाइल का डेटा और उसमें कथित रूप से मौजूद रकम गायब होने का आरोप लगाते हुए सेंटर पर कार्यरत कर्मचारी से अभद्रता की, जातिसूचक गालियां दीं और सेंटर में तोड़फोड़ कर दी।
घटना में दो कंप्यूटर स्क्रीन, बायोमैट्रिक मशीन सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं और एससी- एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देहात ब्यावरा थाना पुलिस के अनुसार इंदिरानगर कॉलोनी निवासी अंकित(23)पुत्र रामबाबू जाटव मोबाइल सेंटर पर कार्य करता है। उसकी शिकायत के मुताबिक ग्राम झरकड़ियाखेड़ी थाना करनवास निवासी गोपाल यादव एक दिन पहले मोबाइल की चार्जिंग पिन ठीक कराने के लिए मोबाइल देकर गया था। बुधवार को जब वह मोबाइल लेने पहुंचा तो उसने आरोप लगाया कि मोबाइल का डेटा गायब हो गया है और उसमें कथित रूप से तीन लाख रुपए भी चले गए। शिकायत के अनुसार समझाने का प्रयास करने पर आरोपित भड़क गया और कर्मचारी के साथ जातिसूचक अपशब्द कहने लगा। विरोध करने पर उसने कुर्सी उठाकर सेंटर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान दो कंप्यूटर स्क्रीन, बायोमैट्रिक मशीन और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। जाते समय आरोपित ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

