मकोका मामले में सह-आरोपी ने जेल में हमले का लगाया आरोप, कोर्ट ने सुरक्षा बढ़ाने के दिए निर्देश
नई दिल्ली, 30 जुलाई । दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट में आज मकोका मामले के आरोपित और आम आदमी पार्टी नेता नरेश बाल्यान से जुड़े मामले के सह आरोपित मनोज यादव ऊर्फ कैरा ने आरोप लगाया कि जब उसे जेल के अंदर वीडियो कांफ्रेंसिंग से सुनवाई में जुड़ने के लिए ले जाया जा रहा था तो विरोधी गैंग के कैदियों ने उस पर हमला किया। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की ओर से आरोप तय करने पर आज आंशिक दलीलें सुनी। मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त को होगी।
आज सुनवाई के दौरान इस मामले के 11 आरोपित वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पेश हुए। सुनवाई के दौरान सह आरोपित मनोज यादव ने कहा कि जब उसे जेल नंबर 8 और 9 में कोर्ट की सुनवाई में शामिल होने के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये ले जाया जा रहा था तो विरोधी गैंग के कैदियों ने उस पर हमला कर दिया। उसकी इस सूचना पर कोर्ट ने जेल नंबर 8 और 9 के जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि वो जेल के नियमों के मुताबिक मनोज यादव की सुरक्षा सुनिश्चित करे और दूसरे गैंग के कैदियों को वहां से अलग करे। कोर्ट ने मनोज यादव का मेडिकल परीक्षण करने का भी आदेश दिया।
इस मामले में 9 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने इस मामले से जुड़े फरार आरोपित कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू को फरार अपराधी घोषित करने की मांग की थी। दिल्ली पुलिस ने 17 अप्रैल को इस मामले में छठी पूरक चार्जशीट दाखिल किया था। कोर्ट ने 24 जनवरी को मनोज यादव के खिलाफ दिल्ली पुलिस की पांचवी पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। कोर्ट ने मनोज यादव ऊर्फ कैरा के खिलाफ मकोका की धारा 3 और 4 के आरोपों के तहत चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। चार्जशीट में मनोज यादव को संगठित अपराध गिरोह का सदस्य बताया गया है। ये गिरोह कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू संचालित करता है। कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू फिलहाल फरार है। दिल्ली पुलिस की जांच में मनोज यादव के खिलाफ आपराधिक गतिविधियों के कई एफआईआर दर्ज होने का पता चला।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक नरेश बाल्यान और गैंगस्टर के बीच बातचीत का मामला 2023 का है। इसे लेकर 2023 में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। कपिल सांगवान एक कुख्यात गैंगस्टर है जो फिलहाल ब्रिटेन में रह रहा है। कपिल सांगवान पिछले पांच वर्षों से ब्रिटेन में ही रह रहा है।
कपिल सांगवान और नरेश बाल्यान दोनों दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले हैं। कपिल सांगवान हरियाणा के नफे सिंह हत्याकांड का भी मास्टरमाइंड है। कपिल सांगवान पर बल्लू पहलवान और बीजेपी नेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या का भी मास्टरमाइंड माना जाता है। नरेश बाल्यान ने 2015 और 2019 में उत्तम नगर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था।

