कैथल: आने वाली पीढ़ियों के प्रति अपने दायित्व को याद करने का पर्व है वन महोत्सव : राजेश नागर
कैथल, 30 जुलाई । प्रकृति संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए जिले में 77वें वन महोत्सव के तहत गुरुवार को गांव पाई में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था, पर्यावरण संरक्षण के संकल्प और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है।
कार्यक्रम के दौरान करनाल में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
अपने संबोधन में मंत्री राजेश नागर ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान, वायु प्रदूषण और जल संकट जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस मानसून सीजन में 1.40 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है, जिसमें वन विभाग के साथ अन्य विभागों और आम लोगों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पौधा लगाकर केवल औपचारिकता पूरी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल कर उसे बड़ा वृक्ष बनाना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने हरियाणा सरकार की प्राण वायु देवता पेंशन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि 75 वर्ष से अधिक आयु के पेड़ों के संरक्षण के लिए प्रोत्साहन राशि देने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है।
कार्यक्रम में मौजूद पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और सुरक्षित पर्यावरण की सबसे बड़ी सौगात है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में एक लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने लोगों से बच्चे के जन्म, जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गांव किच्छाना निवासी बुजुर्ग राजपाल को मंत्री राजेश नागर ने एक लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं, पर्यावरण संरक्षण विषय पर आयोजित निबंध एवं अन्य प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त अपराजिता, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, जिला परिषद चेयरमैन कर्मवीर कौल, लेबर फेड चेयरमैन देवेंद्र पांचाल, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, डीएफओ भूपेंद्र राघव, बीडीपीओ राज सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

