Himachal Pradesh

नाहन मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराईं, सिटी स्कैन-अल्ट्रासाउंड ठप : डॉ. राजीव बिंदल

शिमला, 02 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बदहाल होती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इसका सबसे बड़ा उदाहरण नाहन मेडिकल कॉलेज है, जहां चिकित्सकों की कमी के कारण सिटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड सहित कई महत्वपूर्ण डायग्नोस्टिक सेवाएं प्रभावित हैं। इससे सिरमौर जिले के हजारों मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा पहले भी नाहन मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं को सरकार के समक्ष उठा चुकी है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन थिएटर लंबे समय से पूरी क्षमता से संचालित नहीं हो रहे हैं, जिसके कारण ऑर्थोपेडिक्स, सामान्य सर्जरी तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में मरीजों को ऑपरेशन के लिए 15-15 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। गंभीर मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिलना स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों में नई सुविधाएं और विभाग शुरू किए जा रहे हैं, जबकि नाहन मेडिकल कॉलेज विकास की दौड़ में पिछड़ता जा रहा है। भवन निर्माण कार्य अधूरा होने से नए विभाग शुरू नहीं हो पा रहे हैं, बेड क्षमता नहीं बढ़ रही और चिकित्सकों के रिक्त पद भी नहीं भरे जा रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि नाहन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों के रिक्त पद तत्काल भरे जाएं, बंद पड़ी स्वास्थ्य सेवाएं बहाल की जाएं, ऑपरेशन थिएटरों को पूरी क्षमता से संचालित किया जाए तथा अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर सिरमौर की जनता को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।