UP

देवरिया में कुदाल से हमले में घायल युवक की मौत, चार आरोपितों पर हत्या का मुकदमा

देवरिया, 04 अगस्त । उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान सोमवार रात मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मंगलवार को चार नामजद आरोपितों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

थानेदार राम आशीष मौर्य ने बताया कि पैकौली टोला बगही गांव निवासी प्रेम निषाद (25) बुधवार शाम बाइक से जा रहे थे। आरोप है कि अगया गांव के पास सड़क किनारे मूंगफली की कोड़ाई कर रहे कुछ युवकों से पुरानी रंजिश को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने कुदाल से उनके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद परिजन उन्हें पहले देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पांच दिनों तक इलाज चलने के बाद सोमवार को डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए लखनऊ स्थित संजय गांधी पीजीआई भेजने की सलाह दी। परिजनों के अनुसार पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही प्रेम निषाद ने दम तोड़ दिया।

मृतक प्रेम निषाद नागपुर में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी शादी चार वर्ष पहले रंजू देवी से हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा छह माह का एक बेटा, चार भाई और दो बहनें हैं। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

थानाध्यक्ष राम आशीष ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर धनंजय राजभर, मृत्युंजय राजभर, सूरज राजभर और मुरली राजभर निवासी अगया के खिलाफ हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने चारों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

————–