Haryana

हांसी : गड्ढे में पहिया फंसने से निजी बस का स्टेयरिंग लॉक, 45 यात्री बाल-बाल बचे

बस पलटने से बच गई और सभी यात्री सुरक्षित रहे।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12:10 बजे एक निजी परिवहन बस हांसी

से बरवाला की ओर जा रही थी। भाटला गांव को पार करने के बाद चानौत की तरफ बढ़ते समय

एक निजी स्कूल के पास सड़क पर बने गड्ढे में अचानक बस का पहिया फंस गया। बस चालक राजेश

के अनुसार, पहिया गड्ढे में जाते ही अचानक स्टेयरिंग लॉक हो गया और बस चालक के नियंत्रण

से बाहर होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई। बस में उस समय करीब 45 यात्री सवार थे।

हादसे के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि बस की गति कम

होने के कारण चालक ने स्थिति को संभाल लिया और बस पलटने से बच गई। हादसे में किसी यात्री

के घायल होने की सूचना नहीं है।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

उन्होंने बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद दूसरी

बस की व्यवस्था कर सभी यात्रियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। बस मालिक और

परिचालक के अनुसार, कम गति होने के कारण चालक बस को पलटने से बचाने में सफल रहा, जिससे

बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने हांसी-बरवाला रोड की खस्ताहाल स्थिति को लेकर रोष जताया है।

लोगों का कहना है कि दयाल सिंह कॉलोनी, भाटला और चानौत के आसपास सड़क पर लंबे समय से

जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी

गहराई का अंदाजा लगाना वाहन चालकों के लिए मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार,

सड़क की खराब हालत के कारण वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है

और हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हांसी-बरवाला रोड

की तत्काल मरम्मत करवाकर गड्ढों को भरवाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की

आशंका को टाला जा सके।