Rajasthan

स्कूल कैंटीन की पेटीज खाने के बाद छात्र की संदिग्ध मौत

जयपुर, 13 अगस्त । राजधानी के झोटवाड़ा थाना इलाके में एक निजी स्कूल के 12वीं कक्षा के छात्र की कैंटीन से पेटीज खाने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने गुरुवार दोपहर स्कूल पहुंचकर हंगामा किया और स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया मृतक छात्र की पहचान 17 वर्षीय प्रिंस सोनी निवासी ब्रजमंडल कॉलोनी, झोटवाड़ा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बुधवार को स्कूल में लंच टाइम के दौरान प्रिंस ने कैंटीन से आलू की पेटीज खरीदकर खाई थी। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया।

मृतक के चाचा अनुराग सोनी ने आरोप लगाया कि पेटीज खराब होने के कारण प्रिंस के गले में अटक गई थी। इसके बाद उसकी हालत बिगड़कर वह बेहोश हो गया। परिजनों का आरोप है कि स्कूल के शिक्षक और प्रशासन ने उसकी गंभीर स्थिति को समय पर नहीं समझा और तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय परिजनों को फोन कर उन्हें स्कूल आने के लिए कहा गया।

अनुराग सोनी के अनुसार स्कूल प्रशासन की ओर से परिजनों को अपनी चार पहिया वाहन लेकर आने के लिए कहा गया। उनका आरोप है कि अचेत अवस्था में छात्र को समय पर उपचार नहीं मिला। परिजन स्कूल पहुंचे तो प्रिंस को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बाद में चिकित्सकों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया।

सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि 17 वर्षीय छात्र प्रिंस सोनी की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

छात्र की मौत की सूचना के बाद परिजनों और अन्य लोगों ने गुरुवार दोपहर स्कूल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छात्र की मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पेटीज खाने और छात्र की मौत के बीच संबंध तथा स्कूल स्तर पर उपचार में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।