MP

रॉयल निमाड़ ईगल्स ने खेल के साथ शिक्षा और प्रतिभा विकास को दिया बढ़ावा

भोपाल, 14 अगस्त । मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) 2026 के पहले ही सत्र में उपविजेता बनी रॉयल निमाड़ ईगल्स अब क्रिकेट के साथ शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की दिशा में पहल कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को खंडवा में आयोजित कार्यक्रम में निमाड़ क्षेत्र की 31 छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई, जबकि 19 विद्यालयों को क्रिकेट किट वितरित की गईं। साथ ही एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और 25 खेल प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।

आईसेक्ट इंडिया और डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा की संयुक्त पहल के रूप में मैदान में उतरी रॉयल निमाड़ ईगल्स की टीम के महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने भी इस अवसर पर निमाड़ क्षेत्र के खिलाड़ियों और आमजन से संवाद किया। जिला क्रिकेट एसोसिएशन, खंडवा के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सचिव दिलीप सिंह तोमर तथा सचिव सदानंद यादव को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

आईसेक्ट ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटीज की ओर से एमपीएल 2026 के दौरान प्रत्येक 100 रन पर मध्यप्रदेश की छात्राओं को छात्रवृत्ति देने की पहल की गई थी। इसका उद्देश्य क्रिकेट की लोकप्रियता को बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण से जोड़ना था।

इस पहल के तहत प्रदेश की 191 चयनित छात्राओं को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रवृत्ति दी गई। इसी क्रम में खंडवा में डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय की ओर से निमाड़ क्षेत्र की 31 छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

आईसेक्ट के चेयरमैन एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे ने कहा कि क्रिकेट को केवल जीत-हार तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसकी लोकप्रियता का उपयोग समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए किया जा सकता है। एमपीएल के दौरान प्रत्येक 100 रन पर छात्राओं की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति देने की पहल इसी सोच का हिस्सा है।

रॉयल निमाड़ ईगल्स ने एमपीएल के दौरान प्रत्येक मैच में बनाए गए 100 रन पर निमाड़ क्षेत्र के विद्यालयों को क्रिकेट किट उपलब्ध कराने का संकल्प लिया था। इसके तहत क्षेत्र के 19 विद्यालयों को क्रिकेट किट वितरित की गईं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवा खिलाड़ियों को खेल संसाधन उपलब्ध कराना तथा निमाड़ में जमीनी स्तर पर क्रिकेट को मजबूत करना है।

आईसेक्ट इंडिया के कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि रॉयल निमाड़ ईगल्स की स्थापना केवल क्रिकेट टीम के रूप में नहीं, बल्कि निमाड़ की प्रतिभाओं को अवसर देने और खेल को सामाजिक विकास से जोड़ने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने के साथ छात्रवृत्ति के माध्यम से बेटियों की शिक्षा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के तीन खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इन खिलाड़ियों ने एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया था। विश्वविद्यालय ने उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

कुलगुरु डॉ. अरुण जोशी ने कहा कि एशियन चैंपियनशिप में विद्यार्थियों की उपलब्धि साबित करती है कि निमाड़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है।

निमाड़ क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को तैयार करने में योगदान देने वाले 25 खेल प्रशिक्षकों को भी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इस दौरान कहा गया कि खिलाड़ियों की सफलता में प्रशिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और जमीनी स्तर पर खेलों को मजबूत करने में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए आधार तैयार करता है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. रवि चतुर्वेदी ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में प्रशिक्षकों की भूमिका अहम है। 25 प्रशिक्षकों का सम्मान उनके योगदान को पहचान देने और क्षेत्र में खेल प्रशिक्षण को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रयास है।

निमाड़ क्षेत्र के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को आधुनिक और नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खंडवा में रॉयल ईगल्स क्रिकेट अकादमी का शुभारंभ किया जा रहा है। अकादमी में खिलाड़ियों को संरचित प्रशिक्षण, कोचिंग और बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने की योजना है।

रॉयल निमाड़ ईगल्स के मुख्य प्रशिक्षक संजय पांडे ने कहा कि निमाड़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। अकादमी के माध्यम से बच्चों को शुरुआती स्तर से तकनीक, अनुशासन और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का प्रशिक्षण देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ सकें।

क्रिकेट निदेशक जी. सतीश कुमार ने कहा कि रॉयल निमाड़ ईगल्स का उद्देश्य केवल एमपीएल तक सीमित नहीं है। निमाड़ में मजबूत क्रिकेट तंत्र विकसित करना टीम के व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा है। अकादमी, विद्यालयों में क्रिकेट किट वितरण और प्रतिभा पहचान कार्यक्रम इसी दिशा में किए जा रहे हैं।

निमाड़ क्षेत्र की क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से तैयार रॉयल निमाड़ ईगल्स ने एमपीएल 2026 के पहले ही सत्र में फाइनल तक पहुंचकर उपविजेता का स्थान हासिल किया। टीम के प्रदर्शन से क्षेत्र में क्रिकेट के प्रति उत्साह बढ़ा है और स्थानीय प्रतिभाओं के लिए बड़े स्तर पर आगे बढ़ने की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं।