रेवाड़ी: लव-जिहाद और धर्मांतरण देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती : शेखावत
रेवाड़ी, 16 अगस्त । विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री यशवंत शेखावत ने कहा कि लव-जिहाद और धर्मांतरण आज देश के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ रैकेट के इशारे पर युवा पहचान छिपाकर दूसरे धर्म की महिलाओं और युवतियों को अपने जाल में फंसाते हैं और बाद में धर्मांतरण के लिए मजबूर करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण और धर्म की रक्षा ही विश्व हिंदू परिषद का मुख्य लक्ष्य है।
शनिवार देर शाम जाट धर्मशाला में विश्व हिंदू परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रांत मंत्री यशवंत शेखावत ने कहा कि संगठन ऐसी मानसिकता का विरोध करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने कहा कि हिंदू-मुस्लिम उनके लिए कोई मुद्दा नहीं है, बल्कि लव-जिहाद और धर्मांतरण जैसी गतिविधियों का विरोध करना संगठन की प्राथमिकता है।
शेखावत ने कहा कि झुंगर बाबा से जुड़ा ताजा उदाहरण पूरे देश ने देखा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की मानसिकता के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद अपनी आवाज उठाता रहेगा। संगठन राष्ट्र निर्माण और धर्म की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है और आगे भी करता रहेगा।
विहिप के जिला प्रधान राधेश्याम मित्तल ने गोकशी में हिंदुओं के शामिल होने को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को एकजुट करने के प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि गोमाता की रक्षा करना प्रत्येक हिंदू का धर्म है। उन्हाेंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद लव-जिहाद, गो-तस्करी और धर्मांतरण को रोकने के लिए काम करती रहेगी। उन्होंने लोगों से अपने आसपास ऐसी गतिविधियों पर नजर रखने और जानकारी संगठन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के बाद संगठन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान संगठन मंत्री राधेश्याम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

