MP

मप्र में रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को मिलेगा बड़ा तोहफा, 19 अगस्त को खाते में आएंगे 1500 के अलावा 250 रुपये

भोपाल, 17 अगस्त । मध्य प्रदेश सरकार राज्य की सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन का तोहफा देने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 19 अगस्त को मैहर से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान प्रत्येक हितग्राही महिला के खाते में 1500 रुपये की मासिक सहायता राशि और 250 रुपए रक्षाबंधन उपहार के रूप में भेजे जाएंगे।

जनसम्पर्क विभाग द्वारा सोमवार को जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 अगस्त को मैहर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” के तहत प्रदेश की लगभग एक करोड़ 25 लाख 15 हजार से अधिक बहनों के खातों में सिंगल क्लिक से योजना की का सीधा अंतरण करेंगे। योजना अंतर्गत पात्र लाड़ली बहनों को माह अगस्त 2026 की आर्थिक सहायता राशि 1500 रुपये प्रति बहना तथा रक्षाबंधन के अवसर पर शासन द्वारा प्रदान की जा रही 250 रुपये की विशेष राशि का लाभ प्राप्त होगा। इस प्रकार प्रत्येक पात्र लाड़ली बहना के बैंक खाते में कुल 1,750 रुपये की राशि अंतरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना मध्य प्रदेश शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है। योजना का प्रमुख उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाना, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार करना तथा परिवार में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी एवं निर्णय लेने की भूमिका को मजबूत करना है। योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ परिवार की आवश्यकताओं में भी सहयोग कर सकें।

रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष राशि रक्षाबंधन पर्व महिलाओं के सम्मान एवं भाई-बहन के स्नेह का महत्वपूर्ण पर्व है। इसी भाव को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश शासन द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की पात्र बहनों को 250 रुपये की अतिरिक्त विशेष राशि प्रदान की जा रही है। नियमित मासिक सहायता राशि 1,500 रुपये के साथ यह विशेष राशि भी 19 अगस्त को एक साथ बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। योजना के तहत नवंबर 2025 से सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वर्तमान में पात्र महिलाओं को हर माह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के अंतर्गत जून 2023 से जुलाई 2026 तक कुल 38 किश्तों का नियमित रूप से भुगतान किया जा चुका है। अगस्त 2026 में योजना की 39वीं किश्त बहनों के खातों में भेजी जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रस्तावित मैहर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एक दिन पहले रविवार को क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह और वन मंडलाधिकारी विद्या भूषण मिश्रा ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया था। प्रशासन मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहा है।