Rajasthan

पूर्वी राजस्थान में झमाझम बारिश, पश्चिम में गर्मी ने बढ़ाई चिंता

जयपुर, 26 अगस्त । राजस्थान में मानसून का असर अब एक बार फिर क्षेत्रवार अलग-अलग नजर आ रहा है। मंगलवार को पूर्वी राजस्थान के बूंदी, कोटा, झालावाड़, सवाई माधोपुर, दौसा और टोंक समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। कई स्थानों पर तीन इंच तक पानी बरसा, जिससे छोटे-बड़े तालाब, बांध और एनिकट छलक गए। वहीं पश्चिमी राजस्थान में बारिश का दौर कमजोर पड़ने से गर्मी और उमस बढ़ गई है। श्रीगंगानगर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश बूंदी के तालेड़ा में 70 मिलीमीटर हुई। इसके अलावा अलवर, चित्तौड़गढ़, कोटा, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा, झालावाड़ और दौसा में एक इंच से अधिक बारिश हुई। तेज बारिश के कारण दौसा, करौली, भरतपुर और सवाई माधोपुर के कई इलाकों में छोटे जलस्त्रोतों में पानी की आवक बढ़ गई और बांध, तालाब व एनिकट ओवरफ्लो हो गए।

धौलपुर जिले में बारिश के बीच पार्वती नदी में बहने से एक युवक की मौत हो गई। सकवारा क्षेत्र में पार्वती नदी की रपट पार करते समय 32 वर्षीय विजय सिंह बह गया। सूचना के बाद एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम ने तलाश अभियान चलाकर युवक का शव बाहर निकाला।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन अब उत्तर भारत की ओर ऊपर खिसक गई है। इसके चलते 27 अगस्त से दो सितंबर के बीच पूर्वी राजस्थान में भी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह मानसून कमजोर रहने की संभावना जताई गई है।

जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मानसून कमजोर पड़ने का असर प्रदेश के बांधों पर भी दिखाई दे रहा है।

मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने पर इन बांधों के जलस्तर में कमी आने की आशंका है।

जयपुर समेत तीन जिलों की पेयजल आपूर्ति की प्रमुख लाइफलाइन बीसलपुर बांध में भी पानी की आवक बेहद कम बनी हुई है। बांध का वर्तमान जलस्तर 314.09 आरएल मीटर है। पिछले 24 घंटे में बांध के जलस्तर में महज 4 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है।

पूर्वी राजस्थान में बारिश के बीच पश्चिमी जिलों में गर्मी और उमस बढ़ गई है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बीकानेर में भी दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस मापा गया। पश्चिमी राजस्थान में बारिश की कमी के कारण मौसम फिर गर्म होने लगा है और आने वाले दिनों में मानसून कमजोर रहने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।