Sports

राष्ट्रीय रोल बॉल चैंपियनशिप में मुरादाबाद के विवान गुप्ता ने जीता स्वर्ण पदक

मुरादाबाद, 01 सितम्बर । उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित द्वितीय मिनी अंडर-11 और जूनियर अंडर-17 नेशनल नॉर्थ जोन रोल वॉल चैंपियनशिप 2026 में मुरादाबाद के प्रतिभावान खिलाड़ी विवान गुप्ता ने अंडर-17 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर मुरादाबाद का नाम रोशन किया।

डिस्ट्रिक्ट रोल वॉल एसोसिएशन मुरादाबाद की जिला सचिव रिंपी सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 29 से 31 अगस्त तक स्केटिंग रिंक, परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित हुई। गोल्डन गेट स्कूल के छात्र विवान गुप्ता का चयन मुरादाबाद से इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था। विवान ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक हासिल किया।

विवान की इस उपलब्धि से मुरादाबाद के खेल जगत और विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। उनकी सफलता पर डिस्ट्रिक्ट रोल वॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनु मिश्रा, जिला सचिव रिंपी सिंह, एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों, कोच एवं टीम सदस्यों ने विवान को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने कहा कि विवान की यह उपलब्धि मुरादाबाद के लिए गर्व का विषय है और उनकी सफलता जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। विवान गुप्ता की इस शानदार उपलब्धि पर पूरे मुरादाबाद को गर्व है।