भाजपा मीडिया टीम की बैठक में चुनाव रणनीति पर चर्चा, दो-तिहाई बहुमत का लक्ष्य
देहरादून, 15 सितंबर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पार्टी की मीडिया टीम को मिशन-2027 के लिए चुनावी रणनीति के तहत सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी जीत के साथ पार्टी को दो-तिहाई बहुमत दिलाने का लक्ष्य रखा।
भाजपा मुख्यालय से मंगलवार को वर्चुअली हुई बैठक में भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में मीडिया विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिहाज से पार्टी के सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं है, लेकिन लक्ष्य केवल जीत की हैट्रिक तक सीमित नहीं है। पार्टी को दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए सरकार की उपलब्धियों, संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से जनता के बीच पहुंचाना होगा।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने 17 सितंबर से प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने मीडिया टीम से अभियान के कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार और समन्वय पर जोर दिया।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने मीडिया विभाग की आगामी रणनीति प्रस्तुत करते हुए कहा कि सरकार और संगठन की गतिविधियों को रीयल टाइम आधार पर जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने प्रदेश से जिला और जिला से प्रदेश एवं राष्ट्रीय मीडिया तक सूचनाओं के समयबद्ध आदान-प्रदान तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नियमित एवं प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, विनय गोयल, प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर, शादाब शम्स, हनी पाठक, कमलेश रमन, मथुरा दत्त जोशी, संपर्क प्रमुख हरीश चमोली समेत जिला मीडिया संयोजक और सह संयोजक शामिल हुए।

