ग्वालियरः रमौआ एवं नैनागिरि से हटाया गया अतिक्रमण, 10 करोड़ की शासकीय भूमि को कराया गया मुक्त
ग्वालियर, 01 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शासकीय भूमियों से अतिक्रमण हटाने के लिये चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को ग्राम रमौआ की शासकीय भूमि पर बाउण्ड्रीवॉल के अतिक्रमण को हटाकर मुक्त कराया। इसके साथ ही रमौआ एवं नैनागिरि में कुल 1.45 हैक्टेयर से अतिक्रमण हटाया गया। हटाए गए अतिक्रमण की भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य 10 करोड़ रुपये है।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अतुल सिंह ने बताया कि कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर अनुभाग झांसी रोड के ग्राम रमौआ की शासकीय भूमि खसरा क्रमांक-71, 72, 73 रकबा 0.162 हैक्टेयर पर फ्लोवर सिटी के अंदर बाउण्ड्रीवॉल बनाकर जगदीश, श्यामसुंदर, नेतराम, शिवसिंह द्वारा ग्राम रमौआ के सर्वे क्र.-100 रकबा 1.05 हैक्टेयर पर खेती करके, नाथू पुत्र कप्तान सिंह द्वारा ग्राम रमौआ के सर्वे क्रमांक-85 रकबा 0.226 हैक्टेयर भूमि पर बाउण्ड्री बनाकर रिबेरा सिटी के अंदर ग्राम नैनागिरि के सर्वे क्र.-139 रकबा 0.021 हैक्टेयर भूमि पर बाउण्ड्री बनाकर शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किया गया था।
राजस्व अमले द्वारा अतिक्रमण को मुक्त कराया गया। इसके साथ ही झांसी रोड अनुभाग के ग्राम रमौआ व नैनागिरि के कुल 1.44 हैक्टेयर पर से अतिक्रमण हटाया गया, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 10 करोड़ रुपये है। जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए इस अभियान में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अतुल सिंह के नेतृत्व में तहसीलदार कुलदीप कुमार दुबे, अपर तहसीलदार महेश सिंह कुशवाह, थाना प्रभारी झांसी रोड, राजस्व, पुलिस एवं नगर निगम का संयुक्त दल शामिल था।

