एशियाई खेल 2026 : भारत के लिए ऐतिहासिक रहा शुक्रवार का दिन, जीते 6 स्वर्ण सहित 10 पदक
भारत के 76 पदक हैं, जिनमें 16 स्वर्ण, 25 रजत और 35 कांस्य पदक है।
नई दिल्ली, 02 अक्टूबर । एशियाई खेल 2026 में शुक्रवार का दिन भारत के लिए पदकों की बारिश लेकर आया। भारत ने शुक्रवार को 6 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीते। भारतीय खिलाड़ियों ने तीरंदाजी, नौकायन, मुक्केबाजी, कुश्ती, सेपकटकरा और हॉकी में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। दिन की शुरुआत तीरंदाजी में स्वर्ण से हुई और हॉकी में चीन को हराकर स्वर्ण पदक जीतने के साथ भारत का दिन यादगार बन गया। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में 5वें स्थान पर पहुंच गया है। भारत के नाम अब 76 पदक हैं, इनमें 16 स्वर्ण, 25 रजत और 35 कांस्य पदक शामिल हैं।
महिला रिकर्व टीम ने स्वर्ण पदक जीता। भारतीय टीम ने फाइनल में दक्षिण कोरिया को हराकर ऐतिहासिक स्वर्ण अपने नाम किया। इसके अलावा भारत ने रिकर्व मिश्रित टीम और पुरुष रिकर्व टीम स्पर्धा में रजत पदक जीते।
नेत्रा कुमानन ने महिलाओं की डिंगी स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। यह नौकायन में भारत का एक और पदक रहा।
लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने फाइनल में चीन की बाओ ज़ीई को हराया।
इसके बाद परवीन हुड्डा ने महिलाओं के 65 किग्रा वर्ग में चीन की चेन निएन-चिन को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में अंकुश पंघाल ने दक्षिण कोरिया के किम मिन-सियोंग को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस तरह भारत ने मुक्केबाजी में 3 स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
सुजीत कलकल ने पुरुषों के 65 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को कुश्ती में ऐतिहासिक सफलता दिलाई। फाइनल में उन्होंने ताजिकिस्तान के अब्दुलमजीद कुडिएव को हराया। सुजीत एक समय 2-9 से पीछे थे, लेकिन शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारतीय पुरुष क्वाड्रेंट टीम ने जापान के खिलाफ सेमीफाइनल में 0-2 से हार के बाद कांस्य पदक हासिल किया।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने दिन का सबसे यादगार अध्याय लिखा। भारत ने फाइनल में मौजूदा एशियाई चैंपियन चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी ने 44 साल बाद एशियाई खेलों में पदक जीता और स्वर्ण के साथ ऐतिहासिक वापसी की। टीम ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफिकेशन भी हासिल किया।
एशियाई खेलों की पदक तालिका में भारत 16 स्वर्ण, 25 रजत और 35 कांस्य समेत कुल 76 पदकों के साथ 5वें स्थान पर है।
चीन 162 स्वर्ण, 81 रजत और 73 कांस्य समेत कुल 316 पदकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि जापान 71 स्वर्ण, 83 रजत और 85 कांस्य सहित 239 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। दक्षिण कोरिया 33 स्वर्ण, 39 रजत और 62 कांस्य के साथ कुल 134 पदक जीतकर तीसरे स्थान पर है। उज्बेकिस्तान 20 स्वर्ण, 23 रजत और 22 कांस्य समेत 65 पदकों के साथ चौथे स्थान पर है। भारत के बाद ईरान 15 स्वर्ण, 17 रजत और 13 कांस्य सहित कुल 45 पदकों के साथ 6वें स्थान पर है।

